असमोली। विकासखंड के मनौटा गांव में मुख्य सड़क पर कई दिनों से जलभराव है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को नाराज ग्रामीणों ने जलभराव स्थल पर प्रदर्शन कर जिम्मेदार विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय पहले पीडब्ल्यूडी की सड़क बनाई गई थी। सड़क का स्तर आसपास की जमीन से नीचे होने के कारण बारिश और नालियों का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। कई दिनों से गंदा पानी भरा है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इसकी शिकायत भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कांवड़ियों की राह में बाधा
गांव के बाहरी छोर पर शिव मंदिर स्थित है। कुछ शिवभक्त हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। उन्हें सोमवार सुबह मंदिर में जलाभिषेक करना है। ऐसे में कांवड़ियों और अन्य शिवभक्तों को इसी गंदे पानी से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ेगा। इसे लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में सतीश कुमार, मानसिंह, राम अवतार पाल, नरेंद्र सैनी, नन्हे सैनी, सचिन पाल सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।