संभल। नखासा थाना क्षेत्र के मन्नी खेड़ा में नहर के नजदीक अमरोहा निवासी दो पुलिसकर्मियों के साथ चार लोगों ने मारपीट की है। पुलिसकर्मियों का आरोप है कि धारदार हथियार से हमला किया गया। सिपाहियों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। साथ ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सोमवार को रात साढ़े सात बजे करीब अमरोहा के थाना डिडौली अंतर्गत गांव हादीपुर निवासी अमित व उसका दोस्त अमरोहा के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधीपुर बंजारा निवासी तुषेंदर सिंह मान किसी काम से संभल आ रहे थे। जैसे ही नखासा थाना क्षेत्र के मन्नीखेड़ा नहर के नजदीक पहुंचे तो चार लोगों ने रोक लिया और पूछताछ करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलावस्था में थाने पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही घायल पुलिस कर्मियों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। पीड़ित पुलिसकर्मियों का कहना है कि मारपीट करने वाले चारो लोगों में दो लोगों को वह जानते हैं। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि अमरोहा के रहने वाले दोनों सिपाहियों की तैनाती बरेली में है। संभल किसी काम से आ रहे थे। रास्ते में विवाद हुआ है। जांच पड़ताल की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।