धनारी(संभल)। श्मशान मार्ग को कीचड़ से मुक्त करने के लिए नगर पंचायत ने यहां खड़ंजा डलवाना तो शुरू किया लेकिन उसमें पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। पीली ईंट का प्रयोग किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। इसको लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम और सीएम से भी शिकायत की गई है।
क्षेत्र के ग्राम चंदपुरा में श्मशान तक के लिए कोई रास्ता नहीं था। खासकर बरसात के दिनों अगर किसी की मृत्यु हो जाती तो शव को श्मशान तक ले जाने के लिए कीचड़ में होकर निकलना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य ओमवीर सिंह कुशवाह ने जिला पंचायत से इस 1200 मीटर लंबे मार्ग पर खड़ंजा निर्माण की स्वीकृति ले ली। अब जबकि इस पर खड़ंजा बनाया जा रहा है तो उसमें पीली ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। इसको लेकर जिपं सदस्य ने आपत्ति जताते हुए इसकी शिकायत जिपं अध्यक्ष के साथ ही डीएम और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर की है। उन्होंने कहा है कि मनरेगा मजदूरों से कार्य कराने के बजाय इस मार्ग पर मिट्टी डालने का कार्य बुलडोजर से कराया गया और अब पीला ईंट बिछाई जा रही है।
गांव से श्मशान तक बनने वाली 1200 मीटर की सड़क को ईंट से बनाने के लिए 21 लाख रुपये में ठेका दिया गया है। गांव के ही तेजपाल कुशवाह ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा सड़क के निर्माण में पीला ईंट बिछाई जा रही है। ठेकेदार से शिकायत करने पर सुनने को तैयार नहीं है। सड़क एक वर्ष में टूट जाएगी।
दिनेश कुशवाह ने कहा कि बरसात में शव को श्मशान तक ले जाते समय कीचड़ में होकर निकलना पड़ता था। गांव वालों के कहने पर जिला पंचायत सदस्य ने जिला पंचायत से स्वीकृति दिलाई है। इससे लोगों राहत महसूस होगी।
खड़ंजा निर्माण का कार्य बंद करा दिया गया है। मौके पर पीली ईंट मिली है। सही ईंट आने के बाद ही काम शुरू कराया जाएगा, ठेकेदार को दूसरी ईंटें लाने के लिए कह दिया गया है।
-मोहम्मद आरिफ, जेई, जिला पंचायत कार्यालय बहजोई