रजपुरा। थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में शनिवार की दोपहर चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में ग्राम प्रधान संजय यादव के पिता सत्यवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पक्ष के सत्यवीर सिंह ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस फायरिंग के दावे को गलत बता रही है। पुलिस ने रिपोर्ट मारपीट की दर्ज की है।
पीड़ित सत्यवीर सिंह ने बताया कि उनका भतीजा कृपाल ट्रैक्टर लेकर अपने घर आ रहा था। उसी समय दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। कृपाल डर के कारण अपना ट्रैक्टर वहीं छोड़कर मौके से भाग गया। सत्यवीर सिंह का आरोप है कि जब वह बाद में घटनास्थल पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया। फायरिंग भी की है। इस हमले में सत्यवीर सिंह को गंभीर चोटें आईं। उन्हें रजपुरा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पुलिस द्वारा की गई जांच में फायरिंग के लगाए गए आरोप झूठे पाए गए हैं। पीड़ित सत्यवीर सिंह की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें आरोपी जुगलकिशोर उर्फ नेता, रोशन, धर्मसिंह और पूनम को आरोपी बनाया गया है।
चार नवंबर को भी हुआ था विवाद, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
सत्यवीर यादव ने बताया कि उनका बेटा संजय यादव गांव का प्रधान है। वह नौकरी के सिलसिले में ज्यादातर बाहर रहते हैं। इसलिए गांव में उनकी निगरानी में सफाई व अन्य काम होते हैं। बताया कि 4 नवंबर को गांव में साफ-सफाई को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। इसकी शिकायत पुलिस से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसकी शिकायत डीएम और एसपी से भी की गई थी। अब शनिवार को विवाद कर दिया।
तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। तथ्यों के आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अंकित मिश्रा, सीओ, गुन्नौर