जुनावई। थाना क्षेत्र के ग्राम देवर कंचन में एक दंपती पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हुए हमले में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसका वीडियो वायरल है।
ग्राम देवर कंचन निवासी सुलेमान ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे गांव के दिलशाद और उसकी पत्नी जरीना उनके घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज की। सुलेमान के विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर सुलेमान की पत्नी गुल्लो बीच-बचाव के लिए आईं। जरीना ने गुल्लो पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनके सिर, माथे और गर्दन पर चोटें आईं। सुलेमान के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हमले के बाद आरोपी दंपती जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर दिलशाद और जरीना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर घर में घुसकर मारपीट, धारदार हथियार से चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।