बहजोई। जीवित महिला का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के आरोप में डीएम के निर्देश पर ब्लॉक गुन्नौर के गांव शहजहानाबाद पर तैनात वीडीओ मनोज गोस्वामी को निलंबित किया गया है।
डीडीओ राम आशीष के मुताबिक, गुन्नौर के एसडीएम की ओर से जारी किए गए पत्र में गांव शहजहानाबाद निवासी जीवित महिला उर्मिला को मृत दर्शाकर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया गया है। इससे वीडीओ की सरकारी कार्यों के प्रति लापरवाही उजागर होती है। इसको लेकर वीडीओ को निलंबित कर ब्लॉक कार्यालय जुनावई से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा पूरे मामले में बीडीओ जुनावई को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बता दें कि 21 मई को डीएम को शहजहानाबाद निवासी महिला उर्मिला की शिकायती मिली थी कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और उसके छह बच्चे हैं। महिला का कहना था कि वीडीओ की ओर से जीवित होने के बावजूद उसका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है। इस पर गंभीरता दिखाते हुए डीएम की ओर से पूरे मामले में गुन्नौर के एसडीएम विकासचंद्र को जांच कर आख्या उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए थे।