चंदौसी। जनपद संभल में अब किसानों को यूरिया की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। मध्यप्रदेश के चंबल प्लांट से 1500 मीट्रिक टन यानी 30 हजार यूरिया के बोरों की रैक आज चंदौसी पहुंच जाएगी। इस रैक को निजी दुकानदारों को आवंटित किया जाएगा। समिति और केंद्रों पर अब किसानों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
पिछले एक माह से संभल जनपद में यूरिया की भारी किल्लत चल रही थी।
रामपुर और बदायूं के किसान भी चंदौसी और आसपास की समितियों पर यूरिया लेने आ रहे थे। इसके चलते भारी भीड़ थी और लंबी लाइनें लगी थीं। अब किसानों को यूरिया की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। 1500 मीट्रिक टन यूरिया की रैक मध्यप्रदेश के चंबल इफ्को प्लांट से लोड हो गई है। यह रैक आज चंदौसी पहुुंच जाएगी। इस रैक को निजी दुकानदारों को आवंटित किया जाएगा। जनपद में करीब 325 निजी दुकानदार हैं। शुक्रवार को इस यूरिया को आवंटित कर दिया जाएगा। अब सहकारी समितियों के साथ साथ निजी दुकानों पर यूरिया उपलब्ध रहेगा।
चार दिन पूर्व तीन हजार मीट्रिक टन यूरिया मिल चुका
चंदौसी। संभल जनपद को गुजरात के हजारा कृभको प्लांट से 3001.5 मीट्रिक टन यूरिया की रैक चार दिन पूर्व मिल चुकी है। इस यूरिया को जिले की सभी 73 सहकारी समितियों, कृभको केंद्रों पर आवंटित किया गया था। अब 1500 मीट्रिक टन यूरिया की रैक आज चंदौसी पहुंच जाएगी, इससे यूरिया की किल्लत पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।
चंबल इफ्को प्लांट से 1500 मीट्रिक टन यूरिया की रैक बुधवार 26 अगस्त को लोड होकर संभल के लिए रवाना हो चुकी है। गुरुवार की रात अथवा शुक्रवार को यह रैक चंदौसी पहुंच जाएगी। इस रैक में से यूरिया बिक्री के लिए निजी दुकानदारों को दिया जाएगा।
नरेंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।