धनारी। थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध एक 23 वर्षीय युवक ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिवार में इस घटना से चीख-पुकार मची हुई है। परिजन जवान बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। मृतक के चाचा गल्लू ने बताया कि हिमांशु पुत्र जितेंद्र दिल्ली में टेंट का काम करता था। उसकी शादी दो साल पहले कैलादेवी थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव की रीना से हुई थी। दो दिन पहले वह दिल्ली से अपने घर भिरावटी आया था। शनिवार को किसी बात पर पत्नी से उसकी अनबन हो गई थी। इसके बाद हिमांशु की पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई थी।
परिवारजनों के अनुसार, शनिवार रात हिमांशु छत पर सोने चला गया था। रविवार सुबह करीब पांच बजे उसकी भाभी लाडो भूसे की कोठरी में गईं। वहां उन्होंने हिमांशु को छत में लगे पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया। महिला की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।