सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव करनपुर कायस्थ निवासी संजय यादव के तीन वर्षीय बेटे मोहित की गलत उपचार के चलते मौत हो गई। बालक की मौत के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हंगामा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित पिता ने बताया कि उनके बेटे को हल्का बुखार आया था। उपचार के लिए सौंधन के एक झोलाछाप के पास लेकर पहुंचे। जहां बिना किसी जांच के दो इंजेक्शन लगा दिए। जिससे उनके बेटे की हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए संभल लेकर जा रहे थे। रास्ते में बेटे ने दम तोड़ दिया।
बालक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे को गलत उपचार दिया गया। इससे मौत हुई है। बताया कि उनका इकलौता बेटा था। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। हालांकि देररात तक पीड़ित पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी गई थी।