संभल। क्षेत्र के गांव बिछौली स्थित मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में शनिवार को मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। परिजनाें ने उपचार में लापरवाही और बंधक बनाने का आरोप लगाया। मेडिकल स्टाफ का कहना है कि ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की है। अस्पताल के सीएमओ ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी सुनील (30) को शनिवार की सुबह पेट दर्द होने के बाद मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान सुनील की मौत हो गई। मृतक के भतीजे सोनू ने बताया कि इमरजेंसी में सुबह 11 बजे भर्ती कराया था। दोपहर तक चिकित्सक उपचार के लिए नहीं पहुंचे। ड्रिप लगाकर छोड़ दिया था। बाद में हालत गंभीर बताकर मुरादबाद लेकर जाने के लिए कहा। पांच बजे बताया कि मौत हो गई है। इस जानकारी के बाद मृतक के परिजनों ने रोष जताया और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा और मारपीट हुई। इसमें मृतक पक्ष के राजेश, रिंकू और सुनील घायल हो गए। सोनू का कहना है कि अस्पताल स्टाफ ने उन्हें बंधक बना लिया था। शीशा तोड़कर बाहर निकले हैं। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
कोट
मरीज की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया था। मरीज की मौत होने के बाद उसके परिजन फिर अस्पताल में आ गए और विवाद किया। तोड़फोड़ की गई है। अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। -डॉ. आनंद सिंह, सीएमओ, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, संभल