बहजोई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने वाले करीब 20 से अधिक उपभोक्ता मुश्किल में हैं। इनके यहां लगे स्मार्ट मीटर से न तो नेट मीटरिंग सही मिल रही है और न ही सोलर पैनल से बनने वाली यूनिट बिजली बिल में कम हो रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को विद्युत निगम के अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मोहल्ला कुम्हारान निवासी उपभोक्ता सोमप्रकाश वार्ष्णेय ने बताया कि करीब दो माह पहले पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर मीटर लगवाया था। सोलर पैनल से करीब एक हजार यूनिट बन गईं, लेकिन यह यूनिट अभी तक बिजली बिल में नहीं कट सकी हैं। मोहल्ला डीएल देव विहार कॉलोनी निवासी निहारिका वार्ष्णेय का कहना है कि 19 अप्रैल को योजना के तहत सोलर पैनल लगवाया। इसके बाद स्मार्ट मीटर लगा। अब सोलर पैनल से यूनिट तो बन रही हैं, लेकिन यह यूनिट बिजली बिल में कट नहीं रहीं।
दूसरा बिल निकलने पर सिर्फ 81 यूनिट बिजली बिल में कटी है, जबकि सोलर पैनल ने अब तक 1100 यूनिट बनाई हैं। सोलर पैनल लगाने वाले वेंडर अनेकपाल सिंह का कहना है कि करीब दो दर्जन से अधिक शिकायतें विद्युत व स्मार्ट मीटर के अधिकारियों से की जा चुकी हैं, लेकिन इन सभी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी स्तर से कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
एसई विद्युत, हिमांशु वार्ष्णेय का कहना है कि चंदौसी में कैंप लगाकर सोलर पैनल व स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। वहीं, बहजोई में भी इस प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए कैंप लगाया जाएगा।