चंदौसी(संभल)। एसएम इंटर कॉलेज में मिशन कर्मयोगी अभियान के तहत एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे स्वामी कृष्णानंद झा ने विद्यालय के शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षण कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों पर शिक्षकों से संवाद स्थापित किया और उनके समाधान के लिए शिक्षकों को व्यावहारिक उपाय सुझाए। स्वामी कृष्णानंद झा ने शिक्षकों को बताया कि शिक्षा केवल पढ़ाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व और संस्कार निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। सकारात्मक सोच, धैर्य, निरंतर सीखने की भावना और टीम वर्क के माध्यम से हर कठिनाई को सरल बनाया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता ने स्वामी कृष्णानंद झा के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों में नई ऊर्जा और मार्गदर्शन का संचार करते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रेरक कार्यक्रम मिशन कर्मयोगी के उद्देश्यों को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
अंत में सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि मिशन कर्मयोगी के सिद्धांतों को विद्यालय की कार्यप्रणाली में सक्रिय रूप से अपनाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने अपने अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर योगेश बाबू, नेमचंद, मोहम्मद मुकीम, आकाश शर्मा, सत्यपाल, डॉ. विनीता रानी, नेहा श्रीवास्तव, मोहम्मद इमरान, जटाशंकर, संदीप कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।