असमोली थाना क्षेत्र के सैदनगली-चौधरपुर मार्ग पर बाइक सवार को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद डाला। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस चालक समेत ट्रक को थाने ले गई।
हादसा तब हुआ जब अमरोहा जिले के थाना डिडौली क्षेत्र अंतर्गत गांव नंहेडा राजपूत निवासी रविंद्र सिंह (26) पुत्र ऋषिपाल सिंह बृहस्पतिवार की शाम बाइक पर सवार होकर गांव नूरी ककराली किसी काम से आए थे। करीब रात नौ बजे गांव लौटते समय जैसे असमोली थाना क्षेत्र के सैदनगली चौधरपुर मार्ग पर पहुंचे तो चौधरपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। असमोली थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया है और चालक हिरासत में हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।