जुनावई/चंदौसी। थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार घायल हुए 11 लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जिसकी हालत गंभीर होने पर पांच लोगों को हायर सेंटर रेफर दिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
बरेली जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के 11 लोग कार में सवार होकर परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए हरियाणा जा रहे थे। कार जब रविवार की रात आठ बजे मेरठ-बदायूं हाईवे पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन बार पलटी खा गई। हादसे में कार सवार में मुकेश, उनका आठ वर्षीय पुत्र करन, 15 वर्षीय पुत्र मनोद, पत्नी मधु 28 वर्ष, 13 वर्षीय पुत्री संगीता के अलावा मीना पत्नी मुकेश, मुकेश पुत्र चंद्रपाल, गौरव (5) पुत्र मुकेश, अन्नू (7)पुत्री मुकेश व छोटू निवासी गांव खुलासी थाना आंवला घायल हो गए।
घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर मनोज, मधु, करन, मीना, अन्नू को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों ने बताया कि वह मजदूरी करने परिवार के साथ हरियाणा जा रहे थे।