रजपुरा(संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम बहटकरन-सैतुआ लिंक मार्ग पर सैतुआ गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दो बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
निजामपुर निवासी सुमित (25) अपनी पत्नी सुमन (22) के साथ ससुराल पगोना जा रहे थे। सैतुआ गांव से निकलकर मोड़ पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर धनारी थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी कृपाल (18) और उसका साथी विकास सवार थे। कृपाल और विकास सैतुआ की तरफ जा रहे थे। तीव्र मोड़ पर यह भीषण टक्कर हुई।
हादसे में सुमित और कृपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुमित की पत्नी सुमन और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रजपुरा सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
0000000
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमित के परिजन चतुरी सिंह ने बताया कि सुमित का विवाह दो माह पहले ही सुमन से हुआ था। वे बृहस्पतिवार को पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे। रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।
0000
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसे की जांच की जा रही है।
संदीप चौधरी, प्रभारी, थाना रजपुरा