चंदौसी। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदनगर कस्बा में बुधवार सुबह घर के पास खेल रहे दो वर्षीय अरहान के दाएं हाथ की उंगली में सांप ने डस लिया। बच्चे की तबीयत खराब होने पर परिजनों को जानकारी हुई और उसे उपचार के लिए सीएचसी चंदौसी लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में बच्चे की मौत हो गई।
गांव मोहम्मद नगर कस्बा निवासी अरमान का दो वर्षीय बेटा अरहान बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसके दायें हाथ की अनामिका उंगली के नीचे डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। जानकारी होने पर परिजन उसे बाइक से तुरंत सीएचसी चंदौसी लेकर पहुंचे। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चे का उपचार शुरू कर दिया।
उपचार के दौरान कुछ ही देर में बच्चे ने दम तोड़ दिया। जिससे परिवार में चीख पुकार मच गई। पिता सहित मां फरमाना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता अरमान ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। इनमें अरहान छोटा था। वहीं, चिकित्सक डॉ. देवांशु ने बताया कि बच्चे को सांप के डसने के बाद गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया था। बच्चे को बचाने के लिए काफी प्रयास किए लेकिन उसकी मौत हो गई।