बहजोई। नगर के मोहल्ला कुरेशियान स्थित एक इंटर कॉलेज में दो छात्र आपस में भिड़ गए। गाली-गलौज के बाद मारपीट तक नौबत आ गई। इसमें एक छात्र के सिर में चोट आई है। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घटना की जानकारी ली।
मंगलवार को दोपहर बाद कॉलेज में अचानक दो छात्रों में गाली-गलौज शुरू हो गई। शोर सुनकर अन्य छात्र व स्टाफ के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों छात्रों में मारपीट हो गई। इसमें एक छात्र के हाथ में पहने हुए कड़े से दूसरे छात्र के सिर में चोट आई। छात्र को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इस बीच दोनों छात्रों के परिजन भी कॉलेज पहुंच गए। जानकारी होने पर डायल 112 पुलिस समेत कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और कॉलेज स्टाफ से घटना की जानकारी ली। कॉलेज स्टाफ के मुताबिक घटना को लेकर दोनों छात्रों के बीच समझौता हो गया।