फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महज छह बीघा भूमि के लिए दो सगे भाइयों ने छोटी बहन को पीट-पीटकर मार डाला

विज्ञापन
Two real brothers beat up the younger sister for just six bighas of land - फोटो : SAMBHAL
विज्ञापन
महज छह बीघा भूमि के लिए दो सगे भाइयों ने छोटी बहन को पीट-पीटकर मार डाला। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवती के भांजे मुरादाबाद निवासी पंकज की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

पुलिस ने बताया कि हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव धुरैटा में निवासी मुकेश कुमारी चंद्रा(30) की उसके दो सगे भाई विनोद और सर्वेश ने शादी नहीं की थी। इसलिए पुश्तैनी 18 बीघा कृषि भूमि में से उनसे अपने हिस्से की छह बीघा भूमि ले ली थी और अलग घर में रहती थी। गुजारा करने के लिए सिलाई करती थी और खेती किसानी भी करती थी। भूमि लेने के बाद से भाइयों और बहन के बीच विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे वह अपने भाइयों से धान की पौध में कीटनाशक का छिड़काव करने की शिकायत करने के लिए गई थी जिससे उसकी फसल सूख गई थी। युवती को अंदेशा था कि उसके भाइयों ने ही पौध में कीटनाशक का छिड़काव किया है। इसी बात पर विवाद हो गया। युवती के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने पर मौके पर ही मौत हो गई।
मुकेश की बड़ी बहन रानी ने पुलिस को बताया कि भूमि विवाद का मामला इस समय चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन है। भूमि को लेकर ही उसकी हत्या की गई है। बताया कि वह चार बहन और दो भाई हैं। मुकेश कुमारी चंद्रा सबसे छोटी थी। ग्रामीणों के अनुसार जिस जमीन के लिए युवती की हत्या की गई है। वह जमीन करीब 30 लाख रुपये की कीमत की है।
विज्ञापन

वारदात के समय लोग बने रहे तमाशबीन, एक युवक ने दिखाई हिम्मत लेकिन बचा नहीं सका
संभल। मुकेश कुमारी चंद्रा को जब उसके भाई लाठी-डंडों से पीट रहे थे। उस समय काफी संख्या में लोग घर के बाहर थे लेकिन किसी ने बचाने की जहमत नहीं उठाई। गांव निवासी पप्पू पुत्र प्रेमपाल जब बचाने पहुंचा तो वह घायल हो गया और तब तक देर भी हो चुकी थी। युवती जमीन पर पड़ी थी और आरोपी भाई लाठी-डंडे से हमला कर रहे थे। इसी दौरान एक भाई ने धारदार हथियार सिर में मार दिया जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने इस दौरान उन्हें रोकने का भी प्रयास नहीं किया। किसी ग्रामीण ने जब पुलिस को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंची। अब ग्रामीण गवाही देने से कतरा रहे हैं।
कई लोग लिए गए हैं हिरासत में, पुलिस को बताते में कतरा रहे ग्रामीण
संभल। युवती की हत्या गांव के काफी लोगों के सामने की गई है। इसके बाद भी मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने गवाही नहीं दी। पुलिस ने आरोपी पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं वारदात के समय बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पप्पू को भी पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।
भाइयों ने नहीं की बहन की शादी
संभल। युवती की बड़ी बहन ने बताया कि आरोपी भाइयों में विनोद ने शादी की है जिसके दो बच्चे हैं। दूसरा 45 वर्षीय भाई सर्वेश अभी अविवाहित है। पिता कुंवरपाल और मां चंदा की मौत हुए भी कई वर्ष हो गए। मुकेश कुमारी सबसे छोटी थी। भाई और बहनों ने ही पालन पोषण किया था। तीन बहनों की तो शादी हो गई लेकिन मुकेश कुमारी की शादी नहीं की।
एंबुलेंस का नंबर नहीं लगने पर ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस
संभल। युवती के साथ हुई वारदात की सूचना पर पुलिस जब गांव धुरैटा पहुंची तो सबसे पहले एंबुलेंस के लिए कॉल की लेकिन एंबुलेंस का नंबर नहीं लग सका। गांव धुरैटा से जिला अस्पताल की दूरी करीब 16 किलोमीटर है। पुलिस कर्मियों ने ई-रिक्शा में युवती को रखा और जिला अस्पताल पहुंची। हयातनगर थाने में तैनात सिपाही आलोक तोमर ने बताया कि गांव के लोगों ने और हमने कॉल की थी लेकिन नंबर नहीं लगा। इसलिए ई-रिक्शा में रखकर ले आए। हमें उम्मीद थी कि युवती बच जाएगी लेकिन जब चिकित्सक ने देखा तो युवती की मौत हो गई थी।
मृतका अविवाहित थी और भाइयों से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। भाइयों ने लाठी-डंडे से मारपीट की। सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतका के भांजे मुरादाबाद निवासी पंकज चंद्रा की तहरीर के आधार पर मृतका के भाई सर्वेश और विनोद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

चक्रेश मिश्र, एसपी, संभल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें