संभल। कोरोना संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। कोरोना से गुरुवार को दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 110 मरीज मिले हैं। अब जिले में कुल 450 मरीज सक्रिय हैं। जबकि 19 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 450 होने के साथ ही कोरोना की पहली लहर का रिकॉर्ड टूट गया है।
गुरुवार को मिले संक्रमित मरीजों में तीन चिकित्सक व पांच स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। इनमें सात चिकित्साकर्मी बहजोई चिकित्सालय के हैं जबकि एक चिकित्सक पवांसा चिकित्सालय के हैं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। अन्य मरीज संभल, बहजोई, चंदौसी, गुन्नौर के संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमित मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की जांच स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। जिससे संक्रमण को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी मनोज चौधरी ने बताया कि संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जो मरीज मिल रहे हैं उनके संपर्क में रहे लोगों की भी जांच टीमों के द्वारा कराई जा रही है। संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाना और सामाजिक दूरी बनाना जरूरी है।