सिरसी में रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा साले की मौत हुई। सिरसी पुलिस ने परिजनों के आने से पहले ही सड़क से दोनों के शव हटा दिए। मौके पर पहुंचे परिजनों को यह बात अखर गई। वे बिफर गए और आक्रोशित होकर सड़क पर लेट गए जिससे संभल-मुरादाबाद मार्ग पर जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहन फंस गए। पुलिस लाठी चलाकर जाम खुलवाया।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव नासरपुर कटौनी का निवासी लोकेंद्र (22 वर्ष) पुत्र नन्हें अपने बहनोई शाहपुर निवासी भगवत (40 वर्ष) पुत्र सोमपाल एक ही बाइक पर सवार होकर बिलारी से आ रहे थे। लोकेंद्र बाइक चला रहे थे और भगवत पीछे बैठे थे। किसी के सिर पर हेलमेट नहीं था। जब इनकी बाइक शाम 3.30 बजे के करीब सिरसी पहुंची। डिवाइडर कट पर जब यह लोग सड़क की दूसरी साइट की ओर बढ़ रहे थे अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। किसी के सिर पर हेलमेट नहीं था। घटना स्थल के करीब ही सिरसी पुलिस चौकी है।
विज्ञापन
चौकी की पुलिस तत्काल पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को खबर कराए बिना ही सड़क पर पड़ी दोनों लाशों को जिला अस्पताल भेज दिया। 4.30 बजे के करीब परिजन पहुंचे। मौके पर शव न देखकर परिजन भड़क गए और जाम लगा दिया। लोग नहीं माने। इसके बाद चौकी पुलिस ने थाना नखासा पुलिस और बड़े अधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में कोतवाली और नखासा थाने की पुलिस पहुंची। सीओ अफसर अब्बास जैदी, एएसपी कमलेश दीक्षित और एडीएम विजय नारायन पांडेय भी मौके पर पहुंचेे। जाम हटवाने के लिए नखासा और कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। लोगों के साथ पुलिस ने बातचीत की लेकिन जब बात नहीं बनी तो लाठी चला दी। जो लोग जाम लगाए थे उन्हें डंडा मारकर खदेड़ा गया। साढ़े छह बजे जाम हट गया। जिस ट्रक से हादसा हुआ है वह मौके से भाग गया। ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।