जुनावई(संभल)। जिला बुलंदशहर क्षेत्र में शनिवार की रात हुए सड़क हादसे में गुन्नौर क्षेत्र के गांव दुबारी कलां के दो युवकों की मौत हो गई तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक होली के त्योहार नोएडा से वापस घर आ रहे थे। युवकों की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
जिला संभल के कोतवाली गुन्नौर के गांव दुबारी कलां निवसी संजीव कुमार गुप्ता (22), शिवम कुमार यादव (22) व गांव दुबारी खुर्द निवासी पुष्पेंद्र (23) तीनों नोएडा में एक कंपनी में कार्य करते थे। होली का त्योहार मनाने के लिए तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर शनिवार की रात घर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे नोएडा चले थे। रात करीब दस बजे जिला बुलंदशहर के कस्बा जहांगीराबाद में एक ढाबे के पास पहुंचे। उस दौरान सामने से आ रही निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार संजीव कुमार व शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पुष्पेंद्र कुमार को उपचार के लिए निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर तीनों युवकों के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
शिवम अकेला था कमाने वाला
शिवम कुमार के परिवार में एक छोटा भाई व मां हैं। परिवार में शिवम अकेला कमाने वाला था। युवक की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरे मृतक युवक संजीव कुमार गुप्ता के परिवार में एक बड़ा भाई और मां हैं।
होली की खुशिया गम में बदलीं
तीनों युवक एक साथ नोएडा में काम करते थे। खुशी खुशी होली का त्योहार मनाने के लिए घर आ रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। रविवार को दोनों के शव एक साथ गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। होली के त्योहार की खुशियां काफूर हो गई। गांव में गम का माहौल है।