संभल। असमोली थाना क्षेत्र में मनोटा-रतनपुर कलां मार्ग पर गांव तेलीपुरा में शुक्रवार सुबह सात बजे के करीब दो बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार मिंजार (42) निवासी ज्ञानपुर सिसौना और दूसरी बाइक पर सवार दीपक (18) निवासी खेमपुर की मौत हो गई। जबकि तीन और घायल हुए हैं। जिन्हें मुरादाबाद में भर्ती कराया गया। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। असमोली थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर के निवासी दीपक गांव के ही अभय, विशाल के साथ बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देने शाहपुर चमारान स्थित निहाल सिंह इंटर कॉलेज जा रहे थे। शुक्रवार सुबह सात बजे मनोटा-रतनपुर कलां मार्ग पर गांव तेलीपुरा के निकट स्टैंड के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई थी। मिंजार के साथ गांव गौंजनी के निवासी सलमान भी घायल हुए। दोनों मुरादाबाद के जटपुरा स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर जा रहे थे।
परिजनों के अनुसार, वहां गन्ने लादने वाला लोडर चलाते थे। वहीं, दीपक के पीछे बैठे साथी अभय और विशाल भी परीक्षा देने साथ में निकले थे। यह तीनों घायल हुए हैं। लोगों ने इन्हें अस्पताल भिजवाया। सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि हादसे के बाद भीड़ एकत्रित हो गई थी। जिसे पुलिस ने समझा बुझाकर हटाया।