जुनावई(संभल)। चार दिन पहले बाइक सवार तीन लोगों में एक युवक की ट्रक के नीचे कुचल कर मौत होने के साथ ही दो साथी घायल हो गए थे। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर ट्रक के चालक-परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
17 अक्तूबर को जरीफनगर थाना क्षेत्र के करियावैन गांव के रहने वाले जीतपाल अपने तहेरे भाई योगेंद्र उर्फ नेकसे के साथ जुनावई थाना क्षेत्र के घोंसली मोहकम गांव में मौसेरे भाई प्रेमवीर के घर आए थे। उसी दिन शाम पांच बजे करीब तीनों लोग एक बाइक सवार होकर गुन्नौर से घोंसली मोहकम गांव लौट रहे थे। घोंसली राजा गांव में घुसते समय ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रेमवीर व नेकसे उछलकर एक साइड घूर पर गिरने से घायल हो गए। जबकि जीतपाल के पेट के ऊपर से ट्रक का पहिया उतरने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने जीतपाल के पिता रामसेवक की तहरीर पर घोंसली राजा गांव के रहने वाले सीटू व संजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
महिला से अश्लील हरकतें करने में तीन पर केस
जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव में घर के अंदर घुसकर अश्लील हरकतें करने पर महिला ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते दिन महिला स्नान कर रही थी। तभी तीन लोगों ने शराब पीकर मोहल्ले में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उसी समय एक युवक घर के अंदर घुसकर महिला को नहाते समय खींचकर दरवाजे से बाहर ले जाने लगा। शोर शराबा सुनकर युवक भाग निकले। महिला की शिकायत पर ओमवीर, वेदप्रकाश, योगेंद्र सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद