संभल। खराब सीमेंट को नामचीन कंपनी के कट्टे में पैक कर बेचने वाले दो आरोपी पकड़े गए हैं। एक आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का चालान किया है। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी लोगों को गुमराह कर सीमेंट बेचने का काम कर रहे थे।
मंगलवार की रात करीब नौ बजे रजपुरा थाने की पुलिस को सूचना मिली कि गांव रजपुरा में बबराला रोड स्थित मदन कुमार के सीमेंट के गोदाम पर खराब सीमेंट कैंटर से उतारा जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर दबिश दी। सीमेंट गोदाम का मालिक मदन कुमार व कैंटर चालक नखासा थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ककरौवा निवासी रेहान को पुलिस ने पकड़ लिया और कैंटर से 260 कट्टे बरामद किए। इस दौरान मिर्जापुर ककरौवा निवासी नासिब भागने में कामयाब रहा।
निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि आरोपियों ने बताया है कि वह खराब सीमेंट लेकर आते हैं और नामचीन कंपनी के कट्टे में पैक कर ग्रामीणों को बेच देते हैं। बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। वाहन को सीज कर दिया है।