संभल। बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में हर दिन बुखार से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। ज्यादातर मरीज वायरल बुखार की चपेट में हैं। कुछ मरीजों में टायफाइड बुखार मिल रहा है। मलेरिया बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या कम है। हर दिन अस्पताल में पर्ची बनवाने से लेकर दवाई लेने तक धक्का मुक्की होती है। सुबह से दोपहर तक मरीज परेशान हो जाते हैं। चिकित्सकों के द्वारा सफाई व मच्छरों से बचाव के लिए सलाह दी जा रही है।
मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे 479 मरीजों में से 114 मरीज बुखार से पीड़ित थे। इसमें 38 बच्चे भी शामिल थे। तेज बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया और टायफाइड की जांच कराई गई। इसमें एक मरीज में मलेरिया बुखार की पुष्टि हुई और एक मरीज में टायफाइड बुखार पाया गया है। सीएचसी में 320 मरीजों की ओपीडी रही। इसमें 70 मरीज बुखार से पीड़ित थे। जिला अस्पताल की ओपीडी कर रहे डॉ. अफजर हुसैन ने बताया कि मरीजों में हल्का बुखार होने पर भी जांच कराई जा रही है।
ज्यादातर मरीज वायरल बुखार की चपेट में आए हुए हैं। एक मरीज में मलेरिया बुखार पाया गया है और एक मरीज में टायफाइड बुखार की पुष्टि हुई है। जो मरीज वायरल बुखार से पीड़ित हैं उन्हें बचाव के लिए सलाह दी गई है।