चंदौसी। बृहस्पतिवार रात करीब पौने दस बजे निजी अस्पताल में ड्यूटी के बाद अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही युवती पर मुरादाबाद रोड पर ब्लॉक कार्यालय के सामने कुछ युवकों ने फब्तियां कस दीं। जिसके बाद युवकों और युवती के परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई। करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति रही। इस बीच किसी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती बृहस्पतिवार रात करीब पौने दस बजे निजी अस्पताल से ड्यूटी के बाद अपने भाई की बाइक पर घर लौट रही थी। आरोप है कि जैसे ही बाइक पर सवार दोनों भाई बहन मुरादाबाद रोड पर ब्लॉक कार्यालय के सामने पहुंचे। तो वहां कुछ युवक शराब पी रहे थे और उन्होंने युवती पर फब्तियां कस दीं। जब भाई ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच युवती ने फोन कर अपने परिजनों को बुला लिया। जिसके बाद परिजनों और युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। किसी ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। लोगों का आरोप है कि सूचना के बाद भी एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं आई। कुछ देर बाद युवक और परिजन अपने अपने घर लौट गए।