संभल। संभल जिले के दो लोग गोली लगने से घायल होने के बाद मेरठ मेडिकल कालेज में अपने शरीर से गोली निकलवाने के लिए ऑपरेशन कराने गए थे। ऑपरेशन से पहले डाक्टरों ने उनका कोरोना टेस्ट कराया जिसमें दोनों पॉजिटिव निकले हैं। अब दोनों मेरठ में ही हैं। ऑपरेशन कब होगा यह तो स्पष्ट नहीं है लेकिन अब इनका कोरोना का उपचार शुरू हो गया है।
कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मेरठ मेडिकल कॉलेज से संभल की सीएमओ को मिली। उन्हें बताया गया है कि दोनों मरीज संभल जिले से तीन-चार दिन पहले अपने उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज आए गए थे। दो मरीजों के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट सोमवार को प्राप्त हुई। सीएमओ ने दोनों मरीजों के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी है। एक मरीज बहजोई थाना क्षेत्र के गांव चंदनकटी मौजा का है। दूसरा मरीज गुन्नौर तहसील के गांव रजवाना का है। चंदनकटी मौजा निवासी व्यक्ति की उम्र 24 वर्ष है। वह 7 मई को गोली लगने के बाद मेरठ रेफर किया गया था।
उसकी कोख में बांईं तरफ गोली लगी है। दूसरा मरीज जुनावई क्षेत्र गांव रजवाना का है। यह गांव बदायूं बार्डर पर है। रजवाना से जो सूचना मिली है इस व्यक्ति को 8 मई को सुबह गोली लगी थी। गोली लगने के बाद उसे संभल लाया गया था।
संभल से मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया। यह मरीज अब मेरठ मेडिकल कालेज में है। दोनों मरीजों में समानता यह है कि दोनों गोली लगने से घायल हुए थे। इलाज के लिए संभल से पहले मुरादाबाद और फिर मेरठ पहुंचे। किस अस्पताल में कहां कोरोना संक्रमित हुए, यह पता लगना अभी बाकी है लेकिन इनके गांव अभी तक कोरोना मुक्त थे। दोनों के कोरोना संक्रमित होने के बाद इन दोनों के गांवों के नाम भी कोरोना संक्रमण से प्रभावित गांवों की सूची में आ गए हैं।