संवाद न्यूज एजेंसी
गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र में रजपुरा-बहजोई मार्ग पर गांव सैंडोरा के पास सोमवार की शाम करीब 6 बजे दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गांव डुप्टा खुर्द निवासी किसान शौकत (40) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
गांव डुप्टा खुर्द निवासी फूलजहां ने बताया कि पति शौकत बहजोई किसी काम से गए थे। बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। रजपुरा-बहजोई मार्ग पर गांव सैंडोरा के पास रजपुरा की ओर से आई दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें शौकत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार गांव ब्यौरा निवासी हिमांशु घायल हुआ है।
उसे सीएचसी रजपुरा में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। शौकत की मौत पर पत्नी, दो बेटों और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
थाना प्रभारी निशान्त कुमार राठी में बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है।