सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर शमसोई में किसान की बेटे से रेलवे में संविदा पर नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठग लिए गए। एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव फत्तेहपुर समसोई निवासी ओमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते वर्ष नवंबर में बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव मझावली में स्थित चीनी मिले के पास हेयर कटिंग की दुकान पर रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिघौंली पूर्वी निवासी विकास से मुलाकात हुई। उसने अपने आप को रेलवे में लोको पायलट बताया।
बातचीत आगे बढ़ी तो उसने विकास नामक व्यक्ति से अपने बेटे ओमेंद्र को रेलवे में नौकरी लगवाने को कहा। विकास ने कहा था कि पहले संविदा पर नौकरी लगेगी उसके बाद सरकारी हो जाएगी। इसके लिए संबंधित व्यक्ति द्वारा दो लाख रुपये की मांग की गई। इस पर विकास को दो लाख रुपये दे दिए गए।
समय बीता, लेकिन नौकरी नहीं लगी। रुपये वापस मांगे तो बहानेबाजी करता रहा और अब जाकर साफ मना कर दिया। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिघौंली पूर्वी निवासी विकास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।