धनारी/चंदौसी। धनारी के कीरतपुर में एक युवती को लेकर सात साल पहले शुरू हुई एक ही गांव के दो परिवारों के बीच की रंजिश फिर से नई हो गई। एक रिश्तेदार की नासमझी से गांव रक्तरंजित हो गया। सोमवार की रात को पूर्व प्रधान के पुत्र की तो मौत हो गई है, दूसरे पक्ष के एक युवक की मुरादाबाद ले जाते समय देर रात मौत हो गई। दोनों ही परिवारों ने एक दूसरे के विरुद्ध हत्या की नामजद रिपोर्ट लिखाई है।
बताते हैं कि कीरतपुर के पूर्व ग्राम प्रधान भारत सिंह यादव के पौत्र का नामकरण संस्कार था। दिनभर दावत चली। शाम को कुछ मेहमान रुके थे। परिजन भी घर के बाहर ही बैठे थे। तभी बदायूं जिले के इस्लामनगर थाने के जसूपुर गांव निवासी रामप्रकाश पुत्र ऊदल सिंह भी कीरतपुर में ही अपनी ससुराल दिनेश यादव के यहां आया था। बताते हैं कि रामप्रकाश नशे में झूमता हुआ पूर्व प्रधान के घर के सामने से निकला।
कुछ लोगों को बैठे देखा तो उन्हें देखकर गालीगलौज करने लगा। वहां बैठे मेहमानों ने पूरी कोशिश की कि वह यहां से चला जाए लेकिन रामप्रकाश नहीं माना। आरोप है कि पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने रात्रि करीब नौ बजे उसकी लाठी डंडों से पिटाई कर दी। इसकी सूचना जब उसकी ससुराल पहुंची तो वह लोग शस्त्रों के साथ पूर्व प्रधान के घर पर जा धमके। ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें गोली लगने से भारत सिंह के पुत्र राकेश यादव (32) की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई चंद्रकेश यादव गोली लगने से घायल हो गया।
उधर रामप्रकाश (28) भी लाठी-डंडों से घायल होकर वहीं गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। सभी तीनों को बहजोई राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। यहां से राकेश को मृत घोषित करने के बाद चंद्रकेश और रामप्रकाश को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद जाते समय रामप्रकाश की भी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद, एएसपी आलोक जायसवाल, सीओ अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे। पूर्व प्रधान भारत सिंह की तहरीर पर कीरतपुर के दिनेश व चोखे लाल पुत्र हरी शंकर, हरिओम व अजय पाल पुत्र छोटे लाल व जसूपुर के रामप्रकाश (मृतक) के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं रामप्रकाश की पत्नी आनंदी ने पूर्व प्रधान भारत सिंह यादव, उसके पुत्र चंद्रकेश, राकेश (मृतक) व रिश्तेदार जड़वार गांव के महावीर यादव के खिलाफ लाठी डंडों से पीट पीटकर हत्या करने की रिपोर्ट लिखाई गई है। गांव में दोनों पक्षों में रंजिश को देखते पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल तैनात कर दिया है।
मेहमान की नशे की आदत ने नफरत की चिंगारी को दे दी हवा
धनारी/चंदौसी। दो यादव परिवारों में रंजिश सात साल पहले उस समय शुरू हुई, जब दोनों परिवारों के एक युवक व युवती ने आपस में प्रेम किया। युवक बहला फुसलाकर दूसरे परिवार की युवती को भगा ले गया। युवती तो बरामद हो गई। लेकिन दोनों परिवारों में रंजिश खत्म नहीं हो सकी।
दोनों परिवारों में उसके बाद सीधे तौर पर कोई विवाद तो नहीं हुआ लेकिन दोनों परिवार एक दूसरे से बोलते नहीं थे। न ही किसी शादी ब्याह में शरीक होते थे। एक परिवार कोे दूसरे गांव से आए बहनोई ने नशे में आकर दूसरे परिवार से उलझ कर बड़ी गलती कर दी। हालांकि मेहमानों ने हर संभव कोशिश की कि वह वहां से चला जाए लेकिन युवक मौके से गया ही नहीं और लगातार गाली गलौज करता रहा। दोनों परिवारों में सात सालों से सुलग रही नफरत की चिंगारी को हवा मिल गई, जिसने दो लोगों की जान ले ली।