सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव लहरा कंमगर में शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे गौसे आजम के तीन वर्ष के बेटे रिहान की तालाब में डूबने से मौत हो गई। उसके तहेरे भाई पांच वर्षीय कादिर के शोर मचाने पर किसान पहुंचे तो बालक की तलाश की। कुछ देर बार रिहान का शव मिला। परिजनों ने बताया कि कादिर और रिहान खेलने के लिए घर से निकले थे। गांव की आबादी में ही तालाब तक पहुंच गए।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा रेहान और भतीजा खेलते हुए तालाब तक पहुंच गए। किसी तरह फिसलकर बेटा तालाब में गिर गया। डूबने से मौत हो गई। बताया कि दो बेटे व एक बेटी में दूसरे नंबर का रिहान था। मां शाइन और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, दूसरी ओर बिना किसी कार्रवाई के बच्चे का शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
गांव लहरा कंमगर निवासी इकबाल ने बताया कि दो बच्चे तालाब के नजदीक घूम रहे थे। उस समय मैं पत्नी और बच्चों के साथ तालाब के नजदीक में भूसा घर पर डाल रहा था। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा था। उससे बात की तब रिहान के डूबने की जानकारी हुई। 5 मिनट में ही बाहर निकाल लिया लेकिन तब उसकी मौत हो चुकी थी।