रजपुरा (संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंघौली पूर्वी में शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे मुनव्वर अली के 10 वर्षीय बेटे आसिफ और मोहम्मद इस्लाम के 8 वर्षीय बेटे सादिक का शव गांव के नजदीक खेत में गड्ढे में मिला है। यह दोनों बालक रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाई थे और जुमा की नमाज पढ़ने के लिए घर से करीब डेढ़ बजे निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश किया। इसी दौरान एक खेत में हुए गड्ढे के बाहर इन दोनों के कपड़े दिखाई दिए। तलाश किया तो दोनों के शव मिले।
मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि उनका बेटा गांव के निजी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। बड़े भाई मुनव्वर अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। उनका बेटा कक्षा तीन में पढ़ाई कर रहा था। वह तीन दिन पहले ही दिल्ली से गांव आए हैं। शुक्रवार को दोनों भाई घर से नमाज पढ़ने के लिए निकले थे। गांव के नजदीक एक खेत से मिट्टी उठाई गई है तो वहां करीब पांच फीट गहरा गड्ढा है और वहां बारिश का पानी जमा हो गया है।
इसमें ही नहाते समय डूबने से मौत हुई है। आसिफ अपने दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। जबकि सादिक की मां सकीना बेटे को याद कर बेहोश हो गईं। सादिक अपनी दो बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। इस घटना की सूचना पुलिस को देर रात तक नहीं दी गई।