गवां(संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र में बहटकरन-सैतुआ लिंक मार्ग पर गांव बहटकरन के निकट मंगलवार दोपहर तीन बजे के करीब दो बाइक आमने-सामने से भिड़ गईं। इसमें बाइक सवार गांव सिंघौली पूर्वी के निवासी बिजेंद्र (40) की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हुई है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार जगत पाल समेत दो लोग घायल हुए।
गांव सिंघौली पूर्वी के निवासी बिजेंद्र मंगलवार की दोपहर तीन बजे के करीब अपनी पत्नी कुसुम के साथ बाइक से गांव से बहटकरन की ओर जा रहे थे, उसी समय सामने दूसरी बाइक पर थाना क्षेत्र के गांव हिरौनी निवासी योगेंद्र और जगतपाल सवार हो सिंघौली पूर्वी गांव जा रहे थे। रास्ते में दोनों बाइकों की आमने सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक पर सवार बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हुई है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार योगेंद्र और जगतपाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी रजपुरा में भर्ती कराया, जहां से योगेंद्र और कुसुम को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जगतपाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उधर, हादसे में ग्रामीण की मौत की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। बिजेंद्र के छह बच्चे और अन्य परिजनों का रो-रोकर कर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि बिजेंद्र दिल्ली में रहकर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।