गुन्नौर। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक व तमंचे के साथ अंतरराज्यीय गैंग के दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दस बाइक भी बरामद की है। आरोपी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद आदि शहरों से भीड़भाड़ वाली जगह से बाइक चोरी करते थे और संभल व आसपास में बेचते थे।
सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू ने बताया कि एसआई सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ नेहरू चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान दो बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक को पीछे मोड़ने लगे। शक होने पर पुलिस ने आरोपियों को रोक लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम तस्लीम, उस्मान निवासी फिरोजपुर थाना रजपुरा, किशन पाल उर्फ पंच निवासी केवलपुर तिपेड़ा थाना रजपुरा बताया। तलाशी लेने पर तस्लीम व उस्मान के पास से दो चाकू, किशनपाल उर्फ पंच के पास से एक तमंचा, एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस आरोपियों को कोतवाली गुन्नौर ले आई। आरोपी बाइकों के कागजात नहीं दिखा पाए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि एक बाइक 14 मार्च को गुन्नौर के चौराहे से, दूसरी बाइक बदायूं जनपद के उनके साथी ने चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बबराला के राजघाट रोड पर सहकारी समिति के पास बने खंडहर से आठ अन्य बाइक बरामद कर ली। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टीम में एसआई सतेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विकास, राहुल, कांस्टेबल सौरभ कुमार, हिमांशु चौधरी, विकास कुमार रहे।