संभल। असमोली विकास खंड क्षेत्र के गांव राजा गालिबपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक द्वारा विद्यालय से गैरहाजिर रहने व अधिकारियों के आदेश को न मानने पर निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किए आदेश में बताया कि विकास खंड क्षेत्र के गांव राजा गालिबपुर के प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक इमरान खान की 15 फरवरी को ड्यूटी गांव मंसूरपुर स्थित सेंट ख्वाजा गरीब नवाज इंटर स्कूल में बोर्ड परीक्षा में गलती से लगी गई। जबकि वह स्कूल सहायक अध्यापक की पत्नी चलाती हैं। इसकी जानकारी जब अधिकारियों को हुई तो उन्होंने इमरान खान की ड्यूटी को तुरंत निरस्त करा दिया था। ड्यूटी निरस्त होने के बाद इमरान खान को वापस प्राथमिक विद्यालय में पहुंचने के आदेश दिए। लेकिन उसके बाद भी वह दो दिन विद्यालय नहीं पहुंचे। खंड शिक्षा अधिकारी ने डन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया था। लेकिन 24 से 27 फरवरी को विद्यालय के रजिस्टर में गांव ओबरी में राशन वितरण में ड्यूटी होने की बात लिखकर अनुपस्थित हो गए। खंड शिक्षा अधिकारी ने राशन वितरण दुकान का निरीक्षण किया तो वह वहां भी नहीं थे। जिसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर ने कार्रवाई करते सहायक अध्यापक इमरान खान को निलंबित कर दिया है। वहीं रजपुरा विकास खंड क्षेत्र के गांव हैमदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका को बच्चों की पढ़ाई के प्रति अनियमितताएं बरते जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में कमियां पाई गई थीं। साथ ही सहायक अध्यापिका सुजाता द्वारा अपने कर्तव्यों का निर्वहन ठीक से नहीं करती मिलीं और बच्चों की पढ़ाई के प्रति उदासीन हैं। इसलिए उनके निलंबन की कार्रवाई की गई है।