संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव बारीपुर भमरौआ के नजदीक गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस बेचने जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।
रविवार की देर रात नखासा थाना पुलिस गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बारीपुर भमरौआ रेलवे क्रासिंग के निकट कुछ लोग गोवंशीय पशु का वध कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस ने मांस व गोवंशीय पशु की हत्या में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए। एक आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा।
नखासा थाना इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि सिरसी के मोहल्ला सादक सराय निवासी राशिद, संभल के चौधरी सराय निवासी इमरान को गिरफ्तार किया गया है। जबकि गांव मखदूमपुर निवासी गुलाम उर्फ गुफरान भाग गया। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेजा गया है।