रजपुरा (संभल)। दुष्कर्म का झूठा षड्यंत्र रचने और फैसले के नाम पर वसूली करने वाले दो आराेपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव जिजौड़ा डांडा निवासी वीरपाल ने छह मार्च को गांव के ही जुगेंद्र उर्फ योगेंद्र और उसकी मौसी हरप्यारी के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने और पैसे वसूली करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है योगेंद्र उससे 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था। पैसे न देने पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहा था। डर की वजह से वीरपाल ने उसे छह लाख रुपये दे भी दिए। इसके बाद भी उससे लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। परेशान होकर वीरपाल ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को रजपुरा अस्पताल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले भी गांव के एक युवक के खिलाफ बेटी को बहलाकर ले जाने और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में मामला झूठा निकाला। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में एफआर लगा दी थी। सामने आया कि आरोपी इसी तरह झूठे मुकदमे दर्ज कराकर फैसले के नाम पर लोगों से पैसे वसूलते हैं। प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। संवाद