गुन्नौर। रसूलपुर हत्याकांड में नामजद दो आरोपी पुलिस ने ईशमपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिए हैं। दोनों पक्षों के तीन नामजद आरोपी अभी तक फरार हैं। पकड़े गए हत्यारोपियों से पुलिस ने एक 315 बोर की पोनिया राइफल और डंडा बरामद किया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
गुन्नौर कोतवाली में प्रेसवार्ता में सीओ केके सरोज ने बताया कि हत्याकांड में नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शनिवार की सुबह कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ईशमपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि दो हत्यारोपी उधर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चौराहे से बिजनेश और उसके चाचा विद्याराम निवासी रसूलपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक 315 बोर की पोनिया राइफल बरामद हुई है।
आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपी बाबूराम की हत्या में नामजद हैं। अभी बाबूराम की हत्या में नामजद योगेश, राम अवतार की हत्या में नामजद रामाशंकर और रिंकू फरार चल रहे हैं। टीम में इंस्पेक्टर संजीव कुमार, दरोगा अजीत कुमार, पंकज कुमार, कांस्टेबल राजीव भड़ाना, दीपक कुमार, अजनबी, अंकित कुमार रहे।
रामाशंकर ने मारी थी राम अवतार को गोली
गुन्नौर। पुलिस पूछताछ में आरोपी बिजनेश ने बताया कि राम अवतार अन्य परिजनों के साथ कटे हुए पेड़ की लकड़ी उठाने गए थे। वहां आरोपी बाबूराम, उसका भाई रामाशंकर हथियार लेकर आए। रामाशंकर ने उसके पिता राम अवतार को गोली मार दी। गोली मारकर आरोपी भाग गए थे। इसके उसने, उसके भाई योगेश और चाचा विद्याराम ने भाग कर बाबूराम को प्रकाशी के खेत में पकड़ लिया था। आरोपी बाबूराम से उसकी 315 बोर की एक पोनिया राइफल छीन ली थी। उसी पोनिया राइफल और डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना स्थल से फरार हो गए थे।