बहजोई (संभल)। बदायूं के गांव अल्लेहपुर समसपुर निवासी आढ़ती हरकिशोर की जेब से एक नवंबर को इस्लामनगर रोड पर दो लोगों ने 50 हजार रुपये उड़ा दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को खुलासा कर दिया। एक आरोपी नाबालिग है।
शुक्रवार को खुलासा करते हुए सीओ ने बताया कि एक नवंबर को जिला बदायूं के थाना इस्लामनगर के गांव अल्लेहपुर समसपुर निवासी आढ़ती हरकिशोर की जेब से नगर के इस्लामनगर रोड पर दो लोगों ने टप्पेबाजी कर 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी इंस्पेक्टर विद्युत गोयल नेदो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। कोतवाली लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम दानिश निवासी मोहल्ला फतेहउल्ला सराय थाना संभल बताया। वहीं मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के भाई का नाम भी प्रकाश में आया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से 45 हजार रुपये व नाबालिग से 5 हजार रुपये की बरामदगी की गई है। वहीं प्रकाश में आए फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।