संभल। हयातनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनके पास से चोरी की चार बाइकें भी बरामद की गई हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि बाइकें विभिन्न राज्यों से चोरी की गई हैं।
घटना का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोका गया था। मौके पर बाइक के कागज नहीं दिखाने पर इनसे सख्ती से पूछताछ की गई। जिस पर चोरी की बाइक होने का पता चला।
पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई और पूछताछ की गई। पकड़े गए गुड्डू उर्फ सुलेमान निवासी फुलसिंघा व नौमान निवासी सिरसी ने हसनपुर मार्ग पर एक बंद पड़े भट्टे में चोरी की तीन और बाइकें खड़ी होने की जानकारी दी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन बाइकों को भी बरामद किया। बताया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के लिए अन्य राज्यों व जिलों से बाइकें चोरी करते थे और जरूरतमंदों को बेच दिया करते थे।