बबराला। थाना क्षेत्र के गांव पंवारी में होली के दिन पुलिस टीम पर किए गए पथराव व मारपीट के मामले में आरोपी 29 लोगों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
होली के मौके पर चार मार्च को टीसीएल चौकी प्रभारी रामेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव पंवारी में अमरीश के घर के बाहर डीजे पर राजनीतिक व अश्लील गाने बजाए जा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीजे बंद करने के निर्देश दिए, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से पथराव किया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में सिपाही मदन गोपाल (32) के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने इस मामले में अमरीश, देवव्रत, रविंद्र, विशंभर, देवराज, प्रमोद, गंभीर, हरवेजी, नंदकिशोर, परवेंद्र, लोकेश, नितिन व राजवीर समेत 14 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि मामले में पुलिस टीम ने आरोपी विशंभर और हरवेजी निवासी पंवारी को नूरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।