वार्ड सभासद के पद के लिए नामांकन कराकर लौट रहे महिला उम्मीदवार के तीन कार्यकर्ता बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गए। उम्मीदवार के भतीजे समेत दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। एक कार्यकर्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के वार्ड संख्या- दो, हातिम सराय निवासी महेश की पत्नी किरन दिवाकर नामांकन कराने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ वापस घर लौट रहीं थीं। कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मार्ग पर मुख्य बिजली घर के निकट से उनका काफिला बेगम सराय जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ा तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। एक बाइक पर सवार दो कार्यकर्ता बाबी दिवाकर( 19 वर्ष) पुत्र दिनेश और अक्षय पुत्र आनंद (18 वर्ष) पुत्र जगतलाल ट्रक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पैदल चल रहा सोनू पुत्र जगतलाल भी ट्रक की चपेट में आमो लहूलुहान हो गया। यह नजारा देख चीख पुकार मच गई।
चालक, ट्रक को छोड़ मौके से भाग गया। राहगीर व आसपास के लोग एकत्र हो गए। घायलों को हसीना बेगम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। उपचार के दौरान बॉबी और अक्षय की मौत हो गई। अस्पताल में भीड़ लगने लगी। आक्रोश भड़कने के अंदेशे में शहर कोतवाल अनिल समानिया भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। सीओ गमलेश्वर बिल्टोरिया भी पहुंचे। पीड़ित परिजनों से बातचीत की। उन्हें सांत्वना दी। पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई।