कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देहली दरवाजा में अनियंत्रित ट्रक विद्युत पोल से टकरा गया। जिससे हाईटेंशन लाइन का तार मदरसे के छात्रों पर गिर गया। हादसे में दो छात्र झुलस गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
मोहल्ला कोटगर्बी निवासी अतीक का बारह वर्षीय बेटा गुलनवाज और मोहल्ले के ही सैफुर्रहमान का ग्यारह वर्षीय बेटा अकदस फत्तेहउल्ला सराय स्थित एक मदरसे में पढ़ते हैं। रविवार की दोपहर करीब बारह बजे दोनों छात्र अपने साथियों के साथ मदरसे से पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। हाइटेंशन लाइन का तार टूट गया और वहां गुजर रहे छात्रों पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से गुलनवाज और अकदस गंभीर रूप से झुलस गए। लोगों ने देखा तो तुरंत दोनों छात्राओं को उठाया और आननफानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत में सुधार है।