चंदौसी(संभल)। बनियाखेड़ा की ग्राम पंचायत जनेटा में मंगलवार को प्रधानी उपचुनाव के लिए मतदान होगा। उपचुनाव संपन्न कराने के लिए सोमवार की दोपहर 16 पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। एडीएम प्रदीप वर्मा, एसडीएम नीतू रानी व सीओ डॉ. प्रदीप सिंह ने मतदान कार्मिकों को दिशा निर्देश दिए।
जनेटा के ग्राम प्रधान पद के उपचुनाव में बनाए गए 16 बूथों पर 9474 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं चुनाव को निष्पक्ष संपन्न कराए जाने के लिए 125 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा शाम को मतदान केंद्र पर पहुुंचे मतदान कार्मिकों ने मतदान से जुड़ीं प्रक्रियाओं को लेकर होमवर्क किया। साथ ही मतदान के लिए मतदान केंद्र पर बेरीकेडिंग कार्य समेत दूसरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बीडीओ कमलकांत ने बताया कि ग्राम पंचायत जनेटा व अटवा में ग्राम पंचायत सदस्य को निर्विरोध घोषित किया गया है। वहीं ग्राम पंचायत बेरीखेड़ा में भी क्षेत्र पंचायत सदस्य को निर्विरोध घोषित किया गया है।