चंदौसी। तीन तलाक का एक और मामला सामने आया है। निकाह के सत्रह साल बाद सात बच्चे होने के बाद दहेज की मांग करते हुए एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि अभी मामले की जांच की जा रही है।
चंदौसी के लक्ष्मण गंज निवासी एक युवती की शादी 17 साल पहले बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के युवक से हुई थी। बताते है कि इस दौरान महिला को चार लड़कियां व तीन लड़के हुए। आरोप है कि सालभर से महिला का पति उसे प्रताड़ित करने लगा। सालभर पहले ही उसे मारपीट कर चंदौसी पथरा मोड़पर छोड़कर चला गया। महिला अपने माता पिता के पास बच्चो सहित रह रही है।
बताते हैं कि 25 अगस्त को उसके पति महिला के मायके आया और दूसरा निकाह करने की बात कहने लगा। इसी दौरान उसने तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया। ऐसा नहीं करने को कहा तो उसने उसके साथ गाली गलौज की और चला गया। महिला ने आज पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।