चंदौसी के सुभाष रोड पर एक घर में किचिन में बैठा कब्र बिज्जू। स्रोत मकान स्वामी
चंदौसी(संभल)। शहर के सुभाष रोड पर कब्र बिज्जू की दहशत बरकरार बनी हुई है। जिस मकान में इस जानवर ने अपना अड्डा बनाया हुआ है। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची वन विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने सोमवार की रात में रेस्क्यू किया, लेकिन प्रयास करने के बाद भी कब्र बिज्जू मकान से निकलकर गायब हो गया। पिछले दस दिन से सुभाष रोड न्यू कालोनी में रहने वाले दिपेंद्र कुमार का परिवार इस जानवर से बेहद परेशान और दहशत में है। दिपेंद्र का कहना है करीब दस दिन से कब्र बिज्जू उनके मकान के गेट से होकर अंदर पहुंच जाता है। यह उनके घर में लगभग आधी रात को आता है, जो सुबह तक रहता है। कई बार इसे भगाने का प्रयास भी किया, लेकिन नहीं गया। उन्होंने बताया कि रविवार व सोमवार की मध्य रात्रि में भी कब्र बिज्जू घर में आ गया। वह किसी तरह से किचन में पहुंच गया। यहां उसने सारा सामान उलट-पलट कर डाला।
सोमवार को वन रक्षक विशाल श्रीवास्तव ने दिपेंद्र के घर जाकर जानकारी की। इसके साथ ही उनसे कब्र बिज्जू आने के बाद सूचना देने को कहा था। रात में करीब 11 बजे जानवर उनके मकान में रोज की तरह पहुंचा। सूचना देने पर वन विभाग की तीन सदस्यीय टीम आधी रात में ही मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद भी कब्र बिज्जू टीम की पकड़ में नहीं आ सका।
रेस्क्यू टीम में वन रक्षक विशाल श्रीवास्तव के साथ ही वन दरोगा तरुण चौहान व जियाउल आदि थे। टीम का कहना है कि जानकारी मिलने पर फिर से रेस्क्यू किया जाएगा। फिलहाल मकान मालिक को दरवाजे पर लोहे की जाली लगाने की सलाह दी गई है।