चंदौसी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के दौरान मारे गए लोगों को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल ने रविवार को श्रद्धांजलि दी। साथ ही हादसे में हुए घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की भगवान से प्रार्थना की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच और मृतक व घायलों के परिजनों को मुआवजा देने की सरकार से मांग की।
अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य रविवार को नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय के नेतृत्व में कैथल गेट पर एकत्रित हुए। जहां उन्होंने दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। नगराध्यक्ष ने बताया कि इस घटना ने सभी देशवासियों को झकझोर के रख दिया। बताया कि इस हादसे में कहीं न कहीं रेलवे प्रशासन की लापरवाही नजर आती है। रेलवे की ओर से भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। सरकार को हादसे की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देना चाहिए।
इस दौरान प्रदेश मंत्री शाहआलम मंसूरी, मोनू, तुषार, सुरेंद्र राणा, सुमित शर्मा, गोपाल वार्ष्णेय, गुलशन, ओमवीर, राजू ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद