संभल में ट्रिपल राइडिंग करते बाइक सवार।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। जिले में पांच जनवरी से चार फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। बुधवार से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरूआत हो रही है। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी बरकरार है। मुख्य मार्गों पर ट्रिपल राइडिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यातायात पुलिस से लेकर परिवहन विभाग तक इस पर अंकुश लगाने में फिलहाल असफल हुए हैं।
मंगलवार को संभल के चंदौसी चौराहा, चौधरी सराय, बहजोई, चंदौसी, गुन्नौर और बबराला में नियमों की अनदेखी होती नजर आई। इसमें सबसे ज्यादा गंभीर ट्रिपल राइडिंग के मामले हैं। बिना हेलमेट के ही बाइक दौड़ाई जा रही है। ज्यादातर हादसों में मौत का कारण भी सिर में चोट लगने का ही सामने आता रहता है।
यातायात पुलिस प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि लगातार कार्रवाई की जा रही है। जागरूक भी किया जा रहा है। मुख्य मार्गों पर चेकिंग कर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।