चंदौसी (संभल)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई व सभासदों ने बुधवार को बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता का घेराव किया। व्यापारियों व सभासदों ने अधिशासी अभियंता को बिजली की समस्याएं गिनाईं। साथ ही खराब विद्युत शेड्यूल, लटकते व जर्जर तारों से निजात दिलाने की मांग की।
बुधवार को व्यापार मंडल और सभासद मुरादाबाद रोड स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता घेराव कर बिजली की समस्याएं उठाईं। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय अन्नू ने कहा कि विद्युत विभाग की ओर से किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि यदि किसी व्यापारी को विद्युत विभाग से संबंधित कोई समस्या आती है तो उसकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
साथ ही कहा कि वर्तमान में जो विद्युत शेड्यूल निर्धारित है, उसके अतिरिक्त विद्युत कटौती न की जाए। इस दौरान सभासद अमन कोरी व शिव कुमार सैनी ने जर्जर विद्युत तारों का मुद्दा उठाया। सभासदों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से जर्जर तार हटाने के लिए उच्चाधिकारियों से लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बड़ी घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। इस दौरान सभासद तरुण नीरज, शुभम अग्रवाल, शाह आलम मंसूरी, नवकांत शर्मा, निशांत शर्मा, अमन, यश मदान, सावन शर्मा, निशांत शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।