चंदौसी। नगर में एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) की स्थापना को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई ने राज्यमंत्री गुलाब देवी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि एम्स खुलने से नगर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली या अन्य दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय अन्नू ने बताया कि चंदौसी भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त स्थान है और यहां बेहतर सड़क व रेल संपर्क उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एम्स की स्थापना न केवल संभल, बल्कि आसपास के कई जनपदों के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएगी।
व्यापार मंडल के सदस्य शुभम अग्रवाल ने कहा कि यह मांग क्षेत्र के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मरीजों को समय, धन और कई बार जीवन का नुकसान उठाना पड़ता है।
इस पर राज्यमंत्री गुलाब देवी ने आश्वस्त किया कि यह महत्वपूर्ण मांग सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखी जाएगी और सकारात्मक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर प्रभात कृष्णा, शुभम अग्रवाल, मंगतेश वार्ष्णेय, निशांत शर्मा, तुषार वार्ष्णेय, रितिक वार्ष्णेय, गर्वित वार्ष्णेय और मयंक वार्ष्णेय उपस्थित रहे।